टोहाना। शहर के कल्याण नगर में एक परिवार बीते एक सप्ताह से अपने ही घर में सांप की मौजूदगी से भयभीत होकर पड़ोसियों के घरों में शरण लेने को मजबूर था। मामला तब सामने आया जब कच्ची दीवारों की दरारों में बार-बार एक सांप के दिखने से घर के सदस्य अपने छोटे बच्चों के साथ रातों को दूसरों की छतों पर सोने लगे।
परिजनों ने कई बार खुद से सांप को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सांप दीवारों की गहराई में ऐसे छिप जाता कि पकड़ में नहीं आता। इससे तंग आकर उन्होंने स्थानीय लोगों से सलाह ली और स्नेक रेस्क्यू कार्यकर्ता नवजोत सिंह ढिल्लों से संपर्क किया।
नवजोत सिंह ढिल्लों को रात लगभग 12 बजे कॉल किया गया। वह तुरंत मौके पर पहुंचे और सांप की गतिविधियों पर नजर रखते हुए रणनीति तैयार की। करीब 1 घंटे की कठिन मशक्कत के बाद उन्होंने सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
ढिल्लों ने बताया कि यह सांप इंडियन वुल्फ स्नेक प्रजाति का था, जो देखने में खतरनाक लगता है, लेकिन यह विषहीन होता है और इंसानों के लिए जानलेवा नहीं होता। उन्होंने मौके पर उपस्थित लोगों को सांपों से जुड़ी भ्रांतियों के बारे में जागरूक भी किया।
सांप को पकड़ लिए जाने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और नवजोत ढिल्लों का आभार व्यक्त किया।
इस साहसिक कार्य के लिए क्षेत्रवासियों ने ढिल्लों की सराहना की है।
कल्याण नगर में सांप के डर से परिवार एक सप्ताह से पड़ोसियों के घर में रहने को मजबूर, आधी रात को नवजोत ढिल्लों ने किया रेस्क्यू
0 Comments