Weather Update: हरियाणा में बारिश-ओलावृष्टि, बिल्डिंग का हिस्सा गिरा, हिसार समेत 7 जिलों में स्कूलों का टाइम बदला; पंजाब-चंडीगढ़ में बारिश, ओले भी गिरे
हरियाणा के कुरुक्षेत्र और पंजाब के मोहाली और नंगल में बारिश के साथ आज ओले भी गिरे। वहीं, करनाल, कैथल, पंचकूला और यमुनानगर के अलावा चंडीगढ़ में भी तेज बारिश हो रही है। हिसार, सोनीपत, झज्जर, भिवानी, फतेहाबाद, पानीपत और अंंबाला में आंधी चल रही है। अंबाला में आंधी के ही कारण एक बिल्डिंग का हिस्सा गिर गया। तो कैथल में तेज हवाओं के कारण सड़क पर पेड़ गिर गया।
कैथल के पुंडरी में आंधी के कारण एक बीएसएनएल का टावर गिर गया, जिसके कारण क्षेत्र में बीएसएनएल की सेवाएं बंद हो गई हैं।
वहीं, हरियाणा में तापमान 45 डिग्री पार हो गया है। आज (21 मई) दोपहर में 12 जिलों, सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रोहतक, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में लू चली।
इस वजह से 7 जिलों के स्कूलों में टाइमिंग बदल दी गई है। इसके बाद अब अन्य जिलों में भी स्कूलों के समय में बदलाव की संभावना है।
हिसार और चरखी दादरी में पहली से 5वीं क्लास तक स्कूलों का टाइम बदला गया है। ये स्कूल अब 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही होगा। हालांकि अध्यापकों का समय सुबह 7 से दोपहर डेढ़ बजे तक रहेगा ताकि बच्चों को गर्मी से बचाने के साथ स्कूलों का कामकाज भी चलता रहे।
सिरसा, फतेहाबाद और रेवाड़ी में पहली से 8वीं कक्षा तक के सभी स्कूल अब सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेंगे।
महेंद्रगढ़ में एक से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूल-कॉलेज सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक लगेंगे ।
4 दिन बारिश की संभावना
हरियाणा में 21, 23, 24 और 25 मई को अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। 26 मई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ कुछ स्थानों पर गरज और बिजली के साथ तेज हवा (गति 40-50 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है।
24 घंटे में बदला तापमान
प्रदेशभर के सभी जिलों के अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे में उतार-चढ़ाव देखा गया। सबसे अधिक बढ़ोतरी नूंह जिले में हुई, जहां तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 42.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, सबसे अधिक गिरावट हिसार में दर्ज की गई, जहां तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस घटकर 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
Weather Update: हरियाणा में बारिश-ओलावृष्ट, हिसार समेत 7 जिलों में स्कूलों का टाइम बदला
0 Comments