एक राष्ट्र, एक चुनाव राष्ट्रहित का विचार है : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने 'वन नेशन-वन इलेक्शन' के विचार के प्रचार प्रसार में युवाओं से सहभागी बनने का किया आह्वान, कहा यह राष्ट्र निर्माण का कार्य है, जिसमें हर नागरिक की भूमिका अनिवार्य है
देश जब एकजुट होकर किसी सामाजिक अथवा राष्ट्रीय चुनौती के विरुद्ध खड़ा होता है, तब सफलता निश्चित होती है
गुरुग्राम से निकली प्रेरणा बन सकती है हरियाणा तथा समूचे भारत में परिवर्तन का संकल्प
गुरुग्राम, 01 जून।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 'एक राष्ट्र एक चुनाव' (वन नेशन वन इलेक्शन) सिर्फ एक राजनीतिक विचार नहीं है, यह राष्ट्रहित का विचार है। यह समय, संसाधन और जन-भागीदारी को और अधिक सशक्त करने वाला विचार है। यह वह विचार है जिसके अनुसार जब एक राष्ट्र एक साथ चलता है, तब वह हर बाधा को पार कर सकता है। जब देश एक साथ सोचता है, तब वह हर संकट का समाधान निकाल सकता है।
मुख्यमंत्री रविवार को गुरुग्राम में 'एक राष्ट्र एक चुनाव' थीम पर आयोजित 'गुरुग्राम रन' को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह और खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने 'गुरुग्राम रन' को हरी झंडी दिखाने से पूर्व उपस्थित युवा शक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि 'वन नेशन-वन इलेक्शन' सिर्फ एक नारा नहीं है बल्कि यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की उस समग्र सोच का प्रतीक है, जो एकता में शक्ति को मानती है। 'वन नेशन-वन इलेक्शन' प्रधानमंत्री के उसी सपने की कड़ी है, जिसे हमने 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' के रूप में देखा है। यह विचार देश के हर नागरिक को एक समान अवसर देता है, एक साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में चुनाव एक समय पर कराने से चुनावों पर आने वाला खर्च कई गुणा कम हो सकता है। प्रशासनिक मशीनरी का बेहतर उपयोग हो सकता है। साथ ही विकास की रफ्तार बिना रुके आगे बढ़ सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दौड़, विशेष रूप से हमारे युवाओं के लिए एक संदेश है कि राष्ट्र निर्माण सिर्फ बैठकों और नीतियों से नहीं होता, उसमें युवा शक्ति का संकल्प भी निहित है। उन्होंने कहा कि जब युवा शक्ति आगे आती है तो निश्चित रूप से बदलाव की लहर उठती है। 'गुरुग्राम रन' में भाग ले रही युवा शक्ति इस बात का प्रतीक है कि भारत का भविष्य जाग चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा यह दौड़ सिर्फ शरीर की फिटनेस की नहीं, लोकतंत्र की फिटनेस का भी प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा, यह राष्ट्र निर्माण का कार्य है, जिसमें हर नागरिक की भूमिका है अनिवार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'वन नेशन-वन इलेक्शन' को सफल बनाना है, तो हमें नवाचार की, संवाद की और संवेदनशीलता की जरूरत है। उन्होंने युवा शक्ति से आह्वान किया कि वे कॉलेजों में, गाँव की चौपालों में, सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा कर एक सार्थक माहौल बनाने में सहभागी बने। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ सरकार का काम नहीं है। यह राष्ट्र निर्माण का कार्य है, जिसमें हर नागरिक की भूमिका अनिवार्य है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान उपस्थित युवा शक्ति से कहा कि आप सभी की सक्रिय भागीदारी से ही यह विचार प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचेगा।
देश जब एकजुट होकर किसी सामाजिक अथवा राष्ट्रीय चुनौती के विरुद्ध खड़ा होता है, तब सफलता निश्चित होती है : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल देश में सामाजिक जागरूकता और जनसहभागिता का सशक्त उदाहरण है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2015 में हरियाणा की पावन धरती से इस अभियान का शुभारंभ किया गया था। तब से लेकर आज तक, न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश ने इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया और इसके निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम क्षेत्र में हुई आतंकी घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस कायराना हमले के पश्चात प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के समूल नाश का संकल्प लिया है। इस संकल्प के समर्थन में देशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं, जो भारतवासियों की एकजुटता, राष्ट्रभक्ति और आतंकवाद के विरुद्ध सामूहिक दृढ़ संकल्प को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि यह दोनों उदाहरण इस बात का प्रतीक है कि देश जब एकजुट होकर किसी सामाजिक अथवा राष्ट्रीय चुनौती के विरुद्ध खड़ा होता है, तब सफलता निश्चित होती है।
गुरुग्राम से निकली प्रेरणा बन सकती है हरियाणा तथा समूचे भारत में परिवर्तन का संकल्प
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरुग्राम सिर्फ एक आधुनिक शहर नहीं है। यह भारत की नव-उद्यमिता, तकनीकी विकास और युवा सशक्तिकरण का प्रतीक है। आधुनिक तकनीक, नवाचार और कौशलयुक्त युवाओं की शक्ति का केंद्र बन चुके माता शीतला की इस पावन धरा से निकली प्रेरणा पूरे हरियाणा में और फिर पूरे भारतवर्ष में परिवर्तन का संकल्प बन सकती है। उन्होंने कहा कि यह विचार राजनीतिक सीमाओं से ऊपर उठकर, राष्ट्रीय प्राथमिकता बनना चाहिए। अगर किसी विचार से देश को लाभ हो, प्रशासन को गति मिले और लोकतंत्र को और अधिक मजबूती दी जा सके तो समय की मांग के अनुसार संविधान में आवश्यक बदलाव भी किए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। इस विशाल लोकतंत्र की प्रणाली को अधिक सक्षम, अधिक पारदर्शी और अधिक समन्वित कैसे बनाया जाए। वन नेशन-वन इलेक्शन इसी सोच से निकला है हुआ विचार है। उन्होंने कहा कि आज का यह आयोजन सिर्फ फिटनेस के लिए नहीं है, यह फ्यूचरनेस के लिए है।
युवाओं का समर्थन 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' मुहिम के लिए अनिवार्य: खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' की मुहिम में युवाओं की भागीदारी और समर्थन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्तरों के चुनाव बार-बार कराए जाने से न केवल आर्थिक संसाधनों पर दबाव पड़ता है, बल्कि इससे विकास की निरंतरता भी बाधित होती है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे इस अभियान के प्रति जागरूकता फैलाएं और इसकी आवश्यकता को समझें, क्योंकि यही भविष्य के सशक्त और सुचारू भारत की नींव रखेगा।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ तथा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक ने भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, प्रदेश सचिव गार्गी कक्कड़, गुरुग्राम की मेयर राज रानी मलोहत्रा, गुरुग्राम के जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी तथा हरियाणा सीएसआर ट्रस्ट के पूर्व सीईओ बोधराज सीकरी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिला प्रशासन की ओर से डीसी अजय कुमार, सीपी विकास अरोड़ा, डीसीपी ट्रैफिक राजेश मोहन, मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव, सीटीएम रविंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक राष्ट्र एक चुनाव थीम पर आधारित 'गुरुग्राम रन' में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत
0 Comments