news-details
बड़ी खबर

हिसार एयरपोर्ट से दिल्ली-अयोध्या का किराया तय : कार से 3 गुना कम खर्चा, आने या जाने में 10 घंटे बचेंगे; हफ्ते में 2 दिन फ्लाइट उड़ेगी

Raman Deep Kharyana :-


हरियाणा के हिसार एयरपोर्ट से अयोध्या और दिल्ली का किराया तय हो गया है। हिसार से अयोध्या का 3,393 रुपए और अयोध्या से हिसार का 3,730 रुपए किराया लगेगा। वहीं हिसार से दिल्ली का किराया 1,300 रुपए रहेगा। यात्री 15 किलो तक का सामान ले जा सकेंगे। प्रति यात्री यही फिक्स किया गया है। 15 किलो से ज्यादा सामान होने पर अतिरिक्त पैसे देने पड़ेंगे।


14 अप्रैल को PM नरेंद्र मोदी अयोध्या जाने वाली पहली फ्लाइट को हरी झंडी दिखाएंगे। फ्लाइट हफ्ते में 2 दिन उड़ेगी। वर्तमान में कार से हिसार से अयोध्या पहुंचने में लगभग 12 घंटे का समय लगता है। फ्लाइट शुरू होने के बाद यह दूरी मात्र 2 घंटे में तय की जा सकेगी। साथ ही खर्चा भी 3 गुना कम होगा।


70 सीटर जहाज की टिकटों की बिक्री शुक्रवार शाम को करीब साढ़े 8 बजे शुरू हुई। सिर्फ 2 घंटे में ही साढ़े 10 बजे तक सभी टिकटें बिक गईं। अब 18 अप्रैल के लिए बुकिंग शुरू हो गई है। बुकिंग एलायंस एयर एविएशन की साइट पर ऑनलाइन हो रही है।


हिसार से अयोध्या के सिर्फ 2 घंटे लगेंगे

हिसार से अयोध्या का सफर सिर्फ 2 घंटे का होगा। विमान सुबह 10:40 बजे अयोध्या के लिए उड़ान भरेगा। 12:40 पर विमान अयोध्या पहुंच जाएगा। हर शुक्रवार और रविवार को फ्लाइट जाएंगी। अयोध्या के लिए जाने वाला ‌‌‌विमान सुबह दिल्ली से हिसार आएगा। हालांकि अभी ये तय नहीं हुआ है कि लोगों को फ्लाइट लेने के लिए कितने घंटे पहले एयरपोर्ट पर पहुंचना होगा। इसके अलावा जम्मू, जयपुर और अहमदाबाद के लिए भी उड़ानें शुरू की जाएंगी।


शाम साढ़े 6 बजे के बाद फ्लाइट लैंड नहीं होगी

एयरपोर्ट पर अभी नाइट लैंडिंग की सुविधा नहीं है। इसलिए, 6 जगहों के लिए विमान दिन में ही उड़ान भरेंगे। शाम साढ़े 6 बजे के बाद हिसार से फ्लाइट का संचालन नहीं होगा।

विमानों का ट्रायल सफल, 70 सीटर ATR विमान उतरा था

28 मार्च को हिसार एयरपोर्ट पर विमानों का ट्रायल पूरी तरह सफल रहा था। दोपहर करीब 1 बजे दिल्ली से हिसार एयरपोर्ट पर एलायंस एयर एविएशन लिमिटेड का विमान उतरा। करीब 70 सीटर ATR विमान एयर स्पेस में चक्कर लगाने के बाद हिसार एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। यहां रनवे पर ही फायर ब्रिगेड विभाग की गाड़ियों ने वाटर सैल्यूट के जरिए विमान का स्वागत किया।


इसके बाद विमान ने हिसार एयरपोर्ट से उड़ान भरी और आसमान में चारों ओर चक्कर लगाए। करीब 2 घंटे एयरपोर्ट पर बिताने के बाद विमान वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गया।


CISF के पास सुरक्षा का जिम्मा


एयरपोर्ट की सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के पास रहेगा। अभी हरियाणा पुलिस की थर्ड बटालियन के 300 जवान इसकी सुरक्षा में तैनात हैं। इन्हें बाद में गेट के बाहर तैनात किया जा सकता है।


एयरपोर्ट परिसर से नील गाय और जंगली सुअर निकाले

वहीं वन्य प्राणी विभाग की 12 अधिकारियों की टीम ने 2 दिन में यहां नील गाय, गीदड़, जंगली सुअर और कुत्तों को एयरपोर्ट परिसर से बाहर निकालने का काम पूरा कर लिया है। बीड के जंगलों में इन पशुओं को छोड़ा गया है। परिसर में करीब 15 नील गाय थीं, जिन्हें पकड़ने के लिए वन्य प्राणी विभाग के कर्मचारी लगे हुए थे। दिन-रात चले ऑपरेशन में इनको पकड़ लिया गया है।

हिसार एयरपोर्ट से दिल्ली-अयोध्या का किराया तय : कार से 3 गुना कम खर्चा, आने या जाने में 10 घंटे बचेंगे; हफ्ते में 2 दिन फ्लाइट उड़ेगी

You can share this post!

author

Kharyana

By Admin

For advertisment kindly write us marketing@kharyana.com
Or call us +91-9992-788-081, +91-8053-307-000

0 Comments

Leave Comments