फतेहाबाद
हरियाणा के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता कैप्टन अजय सिंह यादव का भतीजा किसानों को मिले मुआवजे में हुए भ्रष्टाचार के केस में फंस गया है। कैप्टन यादव का भतीजा रणविजय सिंह सुल्तानिया फतेहाबाद में तहसीलदार रहे हैं। वह कैप्टन अजय यादव के बड़े भाई स्व.अजीत सिंह के बेटे हैं।
रणविजय पर तहसीलदार रहते हुए नायब तहसीलदार, पटवारी, कानूनगो के साथ मिलकर मुआवजे की राशि हड़पने के आरोप सीएम फ्लाइंग ने लगाए हैं। तत्कालीन तहसीलदार रणविजय सुल्तानिया, नायब तहसीलदार राजेश गर्ग समेत 27 लोगों पर सीएम फ्लाइंग के एसआई राजेश कुमार की शिकायत पर फतेहाबाद सिटी थाने में केस दर्ज हुआ है।
दरअसल, डीसी कार्यालय फतेहाबाद में 30 सितंबर 2021 के अनुसार, बिना फसल बीमा वाले किसानों को 5 एकड़ तक 9500 रुपए प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाना था। मगर आरोपी तत्कालीन तहसीलदार रणविजय सुल्तानियां, नायब तहसीलदार राजेश गर्ग, पटवारी राजेंद्र प्रसाद, कानूनगो पिरथी सिंह काकड़, मंगतराम, राजाराम, सतपाल, बनवारी लाल ने ढाणी मियां खां के कमलजीत व राहुल, गांव बड़ोपल के सुरजीत व सुंदर उर्फ बिल्ला से मिलीभगत करके मुआवजा वितरण सूची में किसानों के फर्जी नाम लिखकर अपने निजी व्यक्तियों के बैंक खाते देकर बैंक में मुआवजा ट्रांसफर के लिए सूची दे दी।
पुलिस ने इन अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ-साथ महाबीर, संतरो देवी, चंद्रमोहन, रामनिवास, शेर सिंह, मतेरी, सुमन, जगरूप, सुंदर उर्फ बिल्ला, सुरजीत, कमल, राजपाल, सुमन, राहुल, दीपेंद्र, वकील, कुसुम, महेंद्र सिंह व सुशील के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता कैप्टन अजय सिंह यादव का भतीजा तहसीलदार किसानों को मिले मुआवजे में हुए भ्रष्टाचार के केस में फँसा
0 Comments