संगठन के पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेवारी से अवगत कराने के लिए प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का किया आयोजन, अभय सिंह चौटाला ने दिए दिशा निर्देश
हम संगठन मजबूत करने पर गंभीरता से कर रहे हैं काम: चौ. अभय सिंह चौटाला
आज प्रदेश में आम चर्चा है कि लोग भाजपा को सत्ता से बाहर करना चाहते थे लेकिन भूपेंद्र हुड्डा और उसके बेटे ने तीसरी बार भाजपा की सरकार बनवा दी
विपक्ष कमजोर होने के कारण बीजेपी सरकार ने बिजली के बिल बढ़ा दिए, हमारे हिस्से का पानी पंजाब ने रोक दिया, गरीब आदमी को सरसों का 2 लीटर तेल 40 रूपए में मिलता था उसे 100 रूपए कर दिया है, किसानों के लिए खाद नहीं है, बीज नहीं है, डीजल की दिक्कत है
हिसार, 5 जुलाई। इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला ने बताया कि पार्टी का नया संगठन बनाया गया है और संगठन में जिन नए लोगों को शामिल किया है उनको नई जिम्मेवारी से अवगत करवाने के लिए और कैसे संगठन को आगे लेकर जाना है, संगठन में किस की क्या जिम्मेवारी है उसके लिए प्रशिक्षण शिविर लगाया है। हरियाणा को तीन जोन में बांटा है।
गुरूग्राम जोन जिसमें 8 जिले हैं, हिसार जोन और अंबाला जोन में 7-7 जिले हैं। इनेलो के युथ, महिला, कर्मचारी, अनुसूचित जाति, पिछड़ी जाति, किसान, खेल समेत 17 प्रकोष्ठ हैं उनके भी संयोजक आए हैं। हम तीन-तीन गांव के दस बूथ का एक जोन बनाएंगे जिसके बारे में आज सभी को जानकारी दी जाएगी।
चौ. ओमप्रकाश चौटाला जब पहली दफा अध्यक्ष बने थे तब उन्होंने इनेलो पार्टी का संगठन खड़ा किया था और उसकी चर्चा थी कि अगर पूरे देश में किसी राजनीतिक दल का बूथ स्तर तक कोई संगठन है तो वो इनेलो पार्टी का है। किन्हीं कारणों से पार्टी में बिखराव हुआ लेकिन अब हम नए सिरे से पार्टी को बूथ स्तर तक ले जाकर खड़ा करेंगे।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि विपक्ष सत्ता पक्ष के हाथों में खेल रहा है। भूपेंद्र हुड्डा पूर्ण रूप से भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। आज प्रदेश में आम चर्चा है कि लोग भाजपा को सत्ता से बाहर करना चाहते थे लेकिन भूपेंद्र हुड्डा और उसके बेटे ने तीसरी बार भाजपा की सरकार बनवा दी। आज कांग्रेस हाशिए पर है। संगठन बनाने के लिए राहुल गांधी चंडीगढ़ में 30 जून की डेडलाइन देकर आए थे आज 5 जुलाई हो गई।
कांग्रेस की हालत इतनी खराब है कि जिला के अध्यक्ष बनाने के लिए राष्ट्रीय नेता को दखल देना पड़ रहा है उसके बाद भी आजतक संगठन नहीं बना है। राहुल गांधी ने स्वयं ये कहा है कि कुछ लोग कांग्रेस में ऐसे हैं जो बीजेपी से मिले हुए हैं।
इसी का नतीजा है कि प्रदेश की जनता परेशान है। अगर प्रदेश में विपक्ष मजबूत हो तो सरकार कोई भी फैसला लेने से पहले दस बार सोचेगी। विपक्ष कमजोर होने के कारण बिजली के बिल बढ़ा दिए, हमारे हिस्से का पानी पंजाब ने रोक दिया।
आज विपक्ष कमजोर है उसकी वजह से गरीब आदमी को सरसों का 2 लीटर तेल 40 रूपए में मिलता था उसे 100 रूपए कर दिया है। किसानों के लिए खाद नहीं है, बीज नहीं है, डीजल की दिक्कत है। कांग्रेस चुप है। कांग्रेस के किसी एक भी नेता का कोई ऐसा बयान नहीं आया कि वो जनता की लड़ाई सडक़ों पे आकर लड़ेंगे।
इनेलो पार्टी चौ. देवीलाल का लगाया हुआ पौधा है। केवल इनेलो पार्टी ही ऐसी पार्टी है जो सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ जनता की लड़ाई सडक़ों पर आकर लड़ती है।
पानी के मुद्दे पर हम लड़े और पंजाब सरकार को अल्टीमेटम दिया था कि 25 तारीख तक अगर हमारा पानी नहीं दिया तो हरियाणा से जाने वाले पंजाब के सभी रास्ते बंद कर देंगे उसका नतीजा यह निकला कि 23 तारीख को पानी छोड़ दिया।
बिजली के मुद्दे पर भी हमने पंचकूला में प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। अगर सरकार ने बिजली के दाम नहीं घटाए तो उसके लिए सडक़ों पर उतर कर जनता की लड़ाई लड़ेंगे।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हम संगठन मजबूत करने पर गंभीरता से काम कर रहे हैं। अगर हमारा संगठन मजबूत होगा तो हम सरकार को जनविरोधी निर्णय नहीं लेने देंगे।
बहुत सारे लोग पार्टी ज्वाईन कर रहे हैं और 25 सितंबर को स्वर्गीय चौ. देवीलाल के जन्मदिवस पर बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
जो लोग हमें छोडक़र गए थे उन्हें बहकाया गया था और जो उन्हें लेकर गए थे उनका राजनीतिक भविष्य खत्म हो गया है। अब लोगों का भरोसा केवल इनेलो पर है। उन्होंने दावा किया कि संगठन के बलबूते से भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे।
तलवंडी राणा के लोग रास्ते को लेकर धरने पर बैठे थे हमने उनकी आवाज उठाई तो सरकार ने रास्ता दिया। अब 2 किलोमीटर का रास्ता नहीं बन रहा है उसके लिए हमारे दोनो विधायक विधानसभा में उनकी आवाज उठाएंगे।
एचएयू के वीसी को न हटाए जाने पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए अभय चौटाला ने कहा कि वीसी संघ का आदमी है। बीजेपी का मुख्यमंत्री हट सकता है लेकिन ये भ्रष्ट वीसी नहीं हटेगा।
इस कार्यक्रम में हिसार ज़ोन के कार्यक्रम में मुख्य वक्ताओं में राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला, प्रदेशाध्यक्ष श्री रामपाल माजरा, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव श्री प्रकाश भारती, राज्य संगठन सचिव एवं विधायक श्री अदित्य चौटाला, राष्ट्रीय संगठन सचिव श्री उमेद सिंह लोहान, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी श्रीमती सुनैना चौटाला, प्रदेशाध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ श्रीमती तनुजा कश्यप, राज्य प्रवक्ता डॉ. सतवीर सैनी, जिला प्रधान सतपाल काजला, आईएसओ प्रदेशाध्यक्ष साहिल दीप कस्वाँ, हिसार के सभी हलका प्रधान ऑफिस इन्चार्ज बलबीर सिहाग एवं जिला प्रवक्ता विनोद कस्वाँ एडवोकेट मौजूद रहे ।
भाजपा सरकार विपक्ष कमजोर होने के कारण ले रही है जनविरोधी फैसले: अभय चौटाला
0 Comments