news-details
बड़ी खबर

यूपी कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, सभी 6 पुराने सह-प्रभारियों की छुट्टी

Raman Deep Kharyana :-

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद; जगदीश चंद्र जांगिड़, संजीव आर्य, वरुण चौधरी, तौकीर आलम समेत छह नए राष्ट्रीय सचिव बनाए गए


नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी ने प्रदेश के सभी छह पुराने राष्ट्रीय सचिवों (सह-प्रभारियों) को हटा दिया है। उनकी जगह छह नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देश पर पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। नए नियुक्त सभी राष्ट्रीय सचिव उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मौजूदा प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के साथ मिलकर संगठन का काम संभालेंगे।

छह पुराने सह-प्रभारियों को हटाया

पार्टी की ओर से किए गए बदलाव में धीरज गुर्जर, कुणाल चौधरी, नीलांशु चतुर्वेदी और प्रदीप नरवाल समेत छह राष्ट्रीय सचिवों को उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी पद से हटा दिया गया है। ये नेता लंबे समय से प्रदेश कांग्रेस के संगठनात्मक कामकाज में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।

नए चेहरों को मिली जिम्मेदारी

कांग्रेस ने संगठन को नई दिशा देने के लिए जगदीश चंद्र जांगिड़, संजीव आर्य, वरुण चौधरी और तौकीर आलम समेत छह नए राष्ट्रीय सचिवों को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किया है। माना जा रहा है कि नए पदाधिकारियों के जरिए पार्टी प्रदेश में संगठन को बूथ और विधानसभा स्तर तक मजबूत करने पर जोर देगी।

'टीम प्रियंका' के करीबियों की जगह नई टीम

उत्तर प्रदेश में लंबे समय से जिम्मेदारी संभाल रहे पुराने राष्ट्रीय सचिवों में से अधिकांश को 'टीम प्रियंका' के करीबी नेताओं के तौर पर देखा जाता रहा है। अब इन नेताओं को हटाकर नई टीम की तैनाती को कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। नई नियुक्तियों के साथ ही प्रदेश कांग्रेस की कोर टीम में भी व्यापक बदलाव हुआ है।

चुनावी तैयारी पर फोकस

कांग्रेस के इस फेरबदल को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी का लक्ष्य संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और चुनावी रणनीति को प्रभावी तरीके से लागू करना है। नए सह-प्रभारियों को प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम के साथ मिलकर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है।

यूपी कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, सभी 6 पुराने सह-प्रभारियों की छुट्टी

You can share this post!

author

Kharyana

By Admin

For advertisment kindly write us marketing@kharyana.com
Or call us +91-9992-788-081, +91-8053-307-000

0 Comments

Leave Comments