प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना में हरियाणा को टॉप टेन में मिला स्थान- मुख्यमंत्री
फतेहाबाद में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय का बनेगा रिजनल सेंटर
चण्डीगढ, 29 जुलाई - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केन्द्र सरकार की प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना के तहत हरियाणा को टॉप टेन में स्थान हासिल हुआ है। इसके तहत 51 हजार युवाओं को रोजगार के अवसर सुलभ करवाए गए है।
मुख्यमंत्री विकसित भारत विजन 2047 के तहत रोजगार, स्किल डिवलेपमेंट एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग एवं हरियाणा स्किल डिवलेपमेंट मिशन की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व स्तरीय स्किल प्रतियोगिता में राज्य के 5 युवाओं का चयन किया गया है। सितम्बर माह के दौरान चीन में आयोजित इस प्रतियोगिता में मेडल लाने वाले युवाओं को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता एवं जॉब सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कुरूक्षेत्र के उमरी गांव में स्किल फैकल्टी ट्रेनिंग के लिए राज्य स्तरीय आर्ट कल्चर सेंटर बनाया जाएगा। इसके अलावा फतेहाबाद, सुल्तानपुर तथा अन्तेड़ी में इन्टरपैन्योरशिप डिवलेपमेंट सेंटर बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एआई पोर्टल विकसित किया जाए जिस पर आईटीआई एवं स्किल डिवलेपमेंट का पूरा डाटा अपलोड किया जाए ताकि आवश्यकता अनुसार तत्काल उपयोग में लाया जा सके। उन्होंने कहा कि हर तीसरे माह बैठक आयोजित कर आईटीआई एवं स्किल डिवलेपमेंट कार्यों की समीक्षा की जाएगी ताकि इन योजनाओं को जल्द मुर्तरूप देकर युवाओं को रोजगार के योग्य बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को वैश्विक शिक्षा केन्द्र के रूप में विकसित किया जाएगा। पंचकूला व गुरूग्राम में एआई हब बनाया जा रहा है। युवाओं को एआई के बारे में पूर्ण रूप से जागरूक किया जाएगा तथा 2 लाख युवाओं को हार्ड स्किल प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मौजूदा सभी आईटीआईज का नवीनीकरण किया जाएगा तथा फतेहाबाद में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय का रिजनल सेंटर बनाया जाएगा जो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में कार्य करेगा।
सीईटी पास युवाओं को एक नवम्बर से सक्षम युवा योजना के तहत मिलेगा मानदेय-नायब सिंह सैनी
0 Comments