डीसी अजय कुमार ने जन समस्याएं सुनीं, मौके पर ही निस्तारण के दिए निर्देश
विभिन्न विभागों ने शिविर लगाकर योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी
डीसी बोले— पारदर्शी व त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
गुरुग्राम, 26 मार्च।
हरियाणा सरकार की ‘रात्रि ठहराव’ पहल के अंतर्गत जिला प्रशासन ने बुधवार को पटौदी खंड के खोड़ गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान डीसी अजय कुमार ने गांव में रात्रि प्रवास करते हुए ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
गांव में आगमन पर डीसी अजय कुमार का सरपंच आजाद सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके उपरांत डीसी ने विभागों द्वारा लगाए गए शिविरों का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। कार्यक्रम के दौरान सरपंच आजाद सिंह ने ग्राम पंचायत की ओर से अपनी मांगें डीसी के समक्ष रखीं। डीसी ने आश्वस्त किया कि गांव के समग्र विकास के लिए सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।
डीसी अजय कुमार ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखें, ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में महिलाओं ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
जिला प्रशासन का 15वां रात्रि प्रवास खोड़ गांव में, ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद
0 Comments