news-details
बड़ी खबर

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र हरियाणा पुलिस ने शुरू किया ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’

Raman Deep Kharyana :-

तीन दिनों में 903 कुख्यात अपराधी गिरफ्तार


जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता” : डीजीपी अजय सिंघल

आगामी स्वतंत्रता दिवस-2026 के मद्देनज़र राज्य में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा संगठित अपराधियों, फरार बदमाशों एवं आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से हरियाणा पुलिस ने ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ शुरू किया है। इस विशेष अभियान का उद्देश्य हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, फिरौती, स्नैचिंग, अपहरण, अवैध हथियारों सहित गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों की धरपकड़ कर उन्हें कानून के दायरे में लाना तथा स्वतंत्रता दिवस समारोहों के दौरान प्रदेश में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।


अभियान के तहत पुलिस की विभिन्न इकाइयों द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए 1 अगस्त से 3 अगस्त, 2026 तक मात्र तीन दिनों में 903 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 139 आरोपी इन गंभीर मामलों में सीधे गिरफ्तार किए गए, जबकि 767 अन्य मामलों में गिरफ्तार अपराधी भी इस अभियान के दौरान पकड़े गए। 


गंभीर अपराधों में व्यापक कार्रवाई


ऑपरेशन ट्रैकडाउन के दौरान पुलिस ने तीन दिनों में 103 गंभीर आपराधिक मामलों में कार्रवाई की। इनमें 43 आर्म्स एक्ट, 19 हत्या के प्रयास, 16 हत्या, 4 फिरौती, 7 लूट, 3 डकैती, 6 स्नैचिंग तथा 3 अपहरण के मामले शामिल हैं। इन मामलों में कुल 103 मामलों के विरुद्ध 139 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। 


ऑपरेशन ट्रैकडाउन अपराधियों के खिलाफ निर्णायक अभियान


पुलिस महानिदेशक हरियाणा श्री अजय सिंघल ने कहा कि आगामी स्वतंत्रता दिवस के दृष्टिगत प्रदेशभर में ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ विशेष अभियान चलाया गया है, जिसका उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना तथा आमजन को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, फिरौती, अपहरण, स्नैचिंग और अवैध हथियारों जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी पुलिस इकाइयों को निर्देश दिए गए हैं कि वांछित एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करते हुए उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा उनके आपराधिक नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस अपराध एवं अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और प्रदेशवासियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।


हिस्ट्रीशीट अपराधियों पर भी कड़ा शिकंजा


इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 13 नए आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली, जबकि 81 हिस्ट्रीशीटों को अपडेट कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड को सुदृढ़ किया गया, ताकि भविष्य में ऐसे अपराधियों के विरुद्ध और अधिक प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। 


जिला स्तर से लेकर एसटीएफ तक समन्वित कार्रवाई


ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत सभी जिला पुलिस इकाइयों, अपराध शाखाओं, स्पेशल टास्क फोर्स (STF) तथा अन्य विशेष इकाइयों को सक्रिय किया गया है। फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी, अवैध हथियारों की बरामदगी तथा संगठित अपराध के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी एवं विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।


स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता


हरियाणा पुलिस का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत बनाए रखना तथा असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, आदतन अपराधियों तथा वांछित आरोपियों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी ताकि आमजन को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र हरियाणा पुलिस ने शुरू किया ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’

You can share this post!

author

Kharyana

By Admin

For advertisment kindly write us marketing@kharyana.com
Or call us +91-9992-788-081, +91-8053-307-000

0 Comments

Leave Comments