आईएएस अफ़सरों ने साल 2025 की अपनी अचल संपत्तियों का ब्योरा केंद्र सरकार को सौंपा
हरियाणा कैडर के आईएएस ने साल 2025 की अपनी अचल संपत्तियों का ब्योरा केंद्र सरकार को सौंप दिया है। हर साल की तरह इस बार भी अधिकारियों ने एक जनवरी 2026 की स्थिति के अनुसार अपनी संपत्तियों की जानकारी दी है। इसमें कृषि भूमि, आवासीय फ्लैट, भूखंड और व्यावसायिक संपत्तियों का विवरण शामिल है। सामने आए आंकड़ों से पता चलता है कि प्रदेश के कई वरिष्ठ अधिकारियों के पास करोड़ों रुपये की संपत्ति है, इन संपत्तियों से हरियाणा के आईएएस लाखों रुपये किराया भी कमा रहे हैं। अधिकतर आईएएस की संपत्तियां मोहाली, गुरुग्राम व पंचकूला में हैं।
हरियाणा के कुछ ऐसे भी आईएएस हैं, जिनका संपत्ति ब्यौरा सार्वजनिक नहीं हुआ है। इनमें मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी भी शामिल हैं। कई ऐसे भी हैं, जिन्होंने अपनी संपत्तियों का वर्तमान मूल्य भी नहीं दर्शाया है। 2024 व 2025 के कुल 11 आईएएस ऐसे हैं, जिनके पास कोई संपत्ति नहीं है। केंद्र सरकार ने बीते दिसंबर सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर सभी आईएएस से 31 जनवरी तक अपनी संपत्तियों का विवरण देने के निर्देश दिए थे। साथ ही यह भी निर्देश दिया था कि जो आईएएस अपनी संपत्ति का उल्लेख नहीं करेंगे, उन्हें अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही पदोन्नति पर भी फर्क पड़ सकता है।
सुधीर राजपाल : 12 करोड़ 90 लाख की संपत्ति
हरियाणा के गृह सचिव सुधीर राजपाल के पास गुरुग्राम के डीएलएफ सिटी में 7.5 करोड़ का प्लॉट है, जिससे वे सालाना 18 लाख रुपये कमाते हैं। दिल्ली के द्वारका में डेढ़ करोड़ का फ्लैट है, जो उनकी पत्नी के नाम है। इससे तीन लाख रुपये सालाना किराया आता है। कोलकाता में 50 लाख की कीमत का फ्लैट है। इससे भी हर साल तीन लाख रुपये किराया आता है। गुरुग्राम के गोल्फकोर्स में दो करोड़ का फ्लैट है, जिससे 6 लाख रुपये का किराया आता है। हिसार में साढ़े 15 लाख की कीमत का फ्लैट और पंचकूला के सेक्टर दो एमडीसी में सवा करोड़ का फ्लैट है।
सुमिता मिश्रा : 7.26 करोड़ की ज्ञात संपत्तियां
हरियाणा की स्वास्थ्य सचिव व वित्तायुक्त सुमिता मिश्रा के पास मोहाली में ढाई करोड़ रुपये का प्लॉट है। लखनऊ में दो प्लॉट व एक जमीन हैं, जो उन्हें मां से विरासत के रूप में मिली है। मोहाली के न्यू चंडीगढ़ में करीब सवा करोड़ का प्लॉट है, जिससे उन्हें हर साल साढ़े तीन लाख रुपये किराया आता है। दिल्ली के हौजखास में 3.51 करोड़ का एक फ्लौर उनके पास हैं, जिससे वह हर साल 26 लाख रुपये किराया कमाते हैं।
जी अनुपमा के पास कुछ नहीं
1991 बैच के आईएएस जी अनुपमा के पास कोई भी अचल संपत्ति नहीं है। उन्होंने सभी कॉलम में निल लिखा है।
हरियाणा के अधिकांश आईएएस के पास करोड़ों की संपत्तियां
0 Comments