news-details
बड़ी खबर

यमुनानगर पुलिस और शिवाजी प्रेस क्लब ने छेड़ा नशा विरोधी महा-अभियान

Raman Deep Kharyana :-



पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने ग्रामीणों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ, नशा तस्करों के खिलाफ डटे पंचायत प्रतिनिधियों व युवाओं को किया सम्मानित

 ‘एक पेड़ मां के नाम’ पौधारोपण अभियान और विशाल रक्तदान शिविर के सफल आयोजन के बाद शिवाजी प्रेस क्लब ने सामाजिक सरोकार के तहत एक और अहम पहल की है। जिला पुलिस और शिवाजी प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘नशे से जंग, यमुनानगर पुलिस के संग’ का विधिवत शुभारंभ छछरौली उपमंडल के गांव देवधर से हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने ग्रामीणों, युवाओं और बुजुर्गों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया।

देवधर पंचायत का सराहनीय प्रयास, 6 परिवारों को दलदल से निकाला

समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने कहा कि देवधर गांव की सक्रियता और जागरूकता पूरे जिले के लिए प्रेरणास्रोत है। पंचायत की सजगता के चलते ही गांव के करीब 6 परिवारों को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि जब ग्रामीण एकजुट होकर आवाज उठाते हैं, तो नशा तस्करों के हौसले पस्त हो जाते हैं। संवाद के दौरान ग्रामीणों द्वारा गांव में करीब 30 लोगों के नशा तस्करी में लिप्त होने की बात सामने आने पर एसपी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने ग्रामीणों से एकजुटता बनाए रखने की अपील की और आश्वस्त किया कि नशा बेचने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भटके हुए युवाओं को मुख्यधारा में लौटाने के प्रयास जारी रहेंगे।

नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले 'योद्धा' सम्मानित

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने नशे के खिलाफ डटकर खड़े रहने वाले ग्रामीणों और प्रतिनिधियों को पटका पहनाकर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में वर्तमान सरपंच प्रतिनिधि मास्टर प्रेमचंद शर्मा, पूर्व सरपंच ओमकार चौधरी और पूर्व सरपंच प्रतिनिधि सलेंद्र कुमार शामिल रहे। इनके अलावा गांव में नशामुक्ति की अलख जगाने वाले युवा विक्रम सिंह, परविंदर आर्य, प्रीतम सिंह और उनकी पूरी टीम को संयुक्त रूप से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

सामाजिक बदलाव के लिए जारी रहेगा अभियान: रविंद्र चौहान

शिवाजी प्रेस क्लब के प्रधान रविंद्र चौहान ने कहा कि प्रेस क्लब हमेशा जनहित और पुलिस प्रशासन के अभियानों में सहयोगी की भूमिका निभाता रहेगा। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार और इसके सेवन के खिलाफ यह मुहिम गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में शिवाजी प्रेस क्लब आने वाले समय में भी पूरे जिले में ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद

इस अवसर पर जिला पुलिस के नशामुक्ति अभियान ‘सही राह’ के जिला समन्वयक एडवोकेट सुशील आर्य, डीएसपी बिलासपुर रमेश, एएनसी इंचार्ज अनिल, डॉ. नवीन शर्मा, रिंकू सिंह, पूर्व सरपंच रतन सिंह, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि बिट्टू चौधरी, प्रतापनगर थाना प्रभारी रोहतास, बल्ले माजरा सरपंच राजन, ग्राम सचिव जसबीर पंवार, ग्राम सचिव रमन, बेगमपुर सरपंच पंकज और लाकड़ सरपंच सुरेंद्र कुमार उपस्थित रहे।

वहीं शिवाजी प्रेस क्लब की ओर से रामकिशन कश्यप, राजेंद्र कुमार, सुखविंदर कश्यप, रवि कुमार, संजीव गुप्ता, अली जान, रुद्र प्रताप सिंह, दिनेश कुमार, राशिद निराला, संजीव चौहान, शिव चुन्नी, सतीश धीमान, अमित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

यमुनानगर पुलिस और शिवाजी प्रेस क्लब ने छेड़ा नशा विरोधी महा-अभियान

You can share this post!

author

Kharyana

By Admin

For advertisment kindly write us marketing@kharyana.com
Or call us +91-9992-788-081, +91-8053-307-000

0 Comments

Leave Comments